विभाग ने कसा शिकंजा, ढाई सौ से अधिक राशन कार्ड सरेंडर

Ramesh Kuriyal
3 Min Read
नई टिहरी। अपात्र राशनकार्ड धारकों को राशन कार्ड जमा करने के लिये एक और मौका देते हुए इसकी अंतिम तिथि 30 जून कर दी गयी है। इस बीच नागरिक एवं खाद्यय आपूर्ती विभाग ने भी राशन कार्ड जमा ना करने वाले अपात्र लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है जिसके चलते 254 लोगों ने अपने राशन कार्ड सरेंडर कर दिये हैं।  खाद्यान्न निरीक्षक गजा के अधीन 30 राशन वितरण की दुकानों से संबंधित गांवों में रहने वाले लोगों ने भी शासनादेश जारी होते ही खाद्यान्न निरीक्षक कार्यालय गजा आ कर अपने राशनकार्ड सरेंडर करने शुरु किए तो अब तक 254 लोगों ने राशनकार्ड जमा कर दिए ।
जैसे ही शासन की ओर से राशन वितरण में पात्र और अपात्र श्रेणी रखी गई तथा कहा गया कि अपात्र श्रेणी के लोग 31 मई तक स्वेच्छा से अपना राशनकार्ड खाद्यान्न निरीक्षक कार्यालय जमा कर सकते हैं उसके बाद जांच में दोषी पाए जाने पर कार्यवाही की जाएगी तो अपात्र श्रेणी में आये सैकड़ों लोगों ने आवेदन-पत्र के साथ राशनकार्ड सरेंडर कर दिये । हालांकि अब यह तिथि शासन की ओर से बढ़ाकर 30 जून कर दी गई है । खाद्यान्न निरीक्षक गजा रितु खंडूरी ने बताया कि अब तक उनके पास 254 लोगों ने राशनकार्ड जमा कर दिए हैं जिनमें से 51 कार्ड धारक अन्त्योदय में , 183 राष्ट्रीय खाद्यान्न सुरक्षा के , 20 राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के जमा हुए हैं । उन्होंने बताया कि लोगों ने स्वयं कार्यालय में आ कर राशनकार्ड जमा कर अपात्र श्रेणी का होने सम्बन्धी आवेदन पत्र दिया है । खाद्यान्न निरीक्षक रितु खंडूरी ने कहा कि अभी भी 30 जून तक अगर कोई व्यक्ति अपना राशनकार्ड जमा करता है तो कोई जांच की कार्यवाही अमल में नहीं लाई जायेगी । ग़ौरतलब है कि अंत्योदय योजना में शामिल भी अब वास्तविक स्थिति से अवगत करा रहे हैं । प्रगतिशील जन विकास संगठन गजा टिहरी गढ़वाल ने खाद्यान्न निरीक्षक रितु खंडूरी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जब से उन्होंने कार्यभार संभाला है तब से तब से राशन रिटेलर दुकानदार व जनता को सहुलियत मिली है ।
Share This Article
Leave a Comment