
अल्मोड़ा, 19 मार्च। स्वर्गीय पत्रकार उमेश डोभाल की स्मृति में आयोजित होने वाला 33वां उमेश डोभाल स्मृति समारोह इस वर्ष 24 और 25 मार्च को अल्मोड़ा में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति की बैठक में विस्तृत चर्चा करते हुए जिम्मेदारियां तय की गईं।
समिति के अनुसार, 24 मार्च को सुबह 11:30 बजे गांधी पार्क से जिला पंचायत सभागार तक सांस्कृतिक जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद दोपहर 2 बजे से ‘उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष’ विषय पर विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित होंगे। 25 मार्च को मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति ने सामाजिक, सांस्कृतिक, कर्मचारी और पत्रकार संगठनों से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
ये होंगे सम्मानित
उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट की ओर से इस वर्ष का उमेश डोभाल स्मृति सम्मान 2025 सुप्रसिद्ध साहित्यकार कपिलेश भोज को साहित्य के प्रति उनके समर्पण और प्रेरणादायक योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा—
-
राजेंद्र रावत ‘राजू’ स्मृति जनसरोकार सम्मान पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित ‘वृक्ष प्रेमी’ किशन सिंह मलड़ा को मिलेगा।
-
गिरीश तिवारी ‘गिर्दा’ स्मृति जनकवि सम्मान जनपक्षीय नाटकों और जनगीतों के लिए रंगकर्मी यमुना राम को दिया जाएगा।
ट्रस्ट द्वारा हर वर्ष प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के युवा पत्रकारों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के आधार पर पुरस्कृत किया जाता है। पुरस्कार में 11 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट किए जाते हैं।
बैठक में डॉ. हयात सिंह रावत, प्रकाश पांडेय, डॉ. निर्मल जोशी, राजेंद्र रावत, सीएस द्विवेदी, प्रेस क्लब उपाध्यक्ष कमलेश कनवाल, सचिव अशोक पांडे सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।



