मिनी स्कूल बसों के लिए अनटाईड फंड से साठ लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की

Ramesh Kuriyal
4 Min Read

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ और अधिक गुणवत्तापरक बनाने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा किए जा रहे प्रयासों की श्रृंखला में कलस्टर स्तर के उत्कृष्ट विद्यालयों के लिए प्रथम चरण में तीन और मिनी स्कूल बसों की व्यवस्था हेतु जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने अनटाईड फंड से साठ लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की है।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने पुरोला में राजकीय महाविद्यालय परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडीटोरियम के निर्माण के लिए जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास की मद से रू. दो करोड़ लागत की योजना स्वीकृत कर यमुना घाटी क्षेत्र में एक स्तरीय ऑडीटोरियम की व्यवस्था किए जाने की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा किया है।

जिले में शिक्षा व्यवस्था के सुदृढीकरण लिए कलस्टर स्तर पर बनाए जाने वाले उत्कृष्ट प्राथमिक विद्यालयों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इन विद्यालयों में गुणवत्तापरक शिक्षा व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। इन विद्यालयों तक छात्रों के आवागमन की सुविधा के लिए जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट के द्वारा इससे पूर्व में भी 12 मिनी बसों की व्यवस्था के लिए जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास की मद से रू. दो करोड़ चालीस लाख की धनराशि स्वीकृत की गई थी। अब अनटाईड फंड से उत्तरकाशी, पुरोला एवं बड़कोट क्षेत्र के लिए एक-एक अतिरिक्त मिनी बसों की व्यवस्था हेतु रू. साठ लाख की धनराशि स्वीकृत करने के बाद प्रथम चरण में 12 कलस्टर के विद्यालयों के लिए कुल तीन करोड़ रुपये की लागत से 15 बसें उपलब्ध हो जाएंगी। जिनमें से प्रथम चरण में चिन्हित कलस्टर स्तर के विद्यालयों में से उत्तरकाशी नगर क्षेत्र हेतु तीन, पुरोला नगर क्षेत्र में दो, बड़कोट नगर क्षेत्र हेतु दो और भटवाड़ी, डुंडा, चिन्यालीसौड़, ब्रह्मखाल-कल्याणी, गंगनाणी-खरादी, नौगांव, डामटा एवं मोरी के कलस्टर उत्कृष्ट विद्यालयों लिए एक-एक मिनी बस उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को उक्त धनराशि अवमुक्त करते हुए स्कूल बसों की खरीद की प्रक्रिया को तुरंत पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इन बसों के संचालन एवं अनुरक्षण के लिए जिला योजना की मद से धनराशि दी जाएगी।
जिले की यमुना घाटी में भी लंबे समय से एक स्तरीय ऑडीटोरियम की स्थापना की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस संबंध में राजकीय महाविद्यालय पुरोला के प्रचार्य के प्रस्ताव पर जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने जिला खनिज फाउण्डेशन न्यास की मद से धनराशि की व्यवस्था कर पुरोला महाविद्यालय के परिसर में आधुनिक व्यवस्थाओं से सुसज्जित ऑडीटोरियम का निर्माण कराने की स्वीकृति प्रदान की है। रू. दो करोड़ लागत से बनाए जाने वाले इस ऑडीटोरियम में दो सौ लोगों के बैठने की क्षमता होगी और इसमें स्तरीय मंच व्यवस्था के साथ ही लाईट एवं साउंड के आधुनिक उपकरणों की स्थापना की जाएगी। जिलाधिकारी ने इस काम के लिए पहली किश्त के रूप में कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग पुरोला को रू. डेढ करोड़ कर धनराशि जारी कर दी है। जिलाधिकारी ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को इस कार्य के लिए अविलंब निविदा प्रक्रिया संपन्न कराते हुए एमुचित गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ ऑडीटोरियम का निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Share This Article
Leave a Comment