उत्तराखंडशिक्षा

देवभूमि शिक्षा उत्कृष्टता सम्मान 2026: उत्तरकाशी के डॉ. महेंद्र पाल सिंह हुए सम्मानित

हल्द्वानी। देवभूमि शिक्षा उत्कृष्टता सम्मान 2026 के तहत उत्तरकाशी जनपद के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। डॉ. धन सिंह रावत, उच्च शिक्षा मंत्री, उत्तराखण्ड सरकार द्वारा रामचंद्र राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी के वनस्पति विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. महेंद्र पाल सिंह को उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान अमर उजाला एवं एमआईईटी शिक्षण संस्थान (MIET) हल्द्वानी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया। डॉ. महेंद्र पाल सिंह को शोध, शिक्षण एवं नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह पुरस्कार दिया गया।

450 आवेदनों में से 23 प्राध्यापक चयनित

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेशभर से प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा वर्ग में कुल 450 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से उच्च शिक्षा क्षेत्र में 23 प्राध्यापकों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया में शोध पत्र प्रकाशन, पुस्तक प्रकाशन तथा नवाचार गतिविधियों को प्रमुख आधार बनाया गया।

डॉ. महेंद्र पाल सिंह ने निर्धारित 30 अंकों में से 26 अंक प्राप्त कर उत्तरकाशी जनपद से उच्च शिक्षा वर्ग में उत्कृष्ट शिक्षक का सम्मान हासिल किया।

उत्तरकाशी महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पंकज पंत ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह संस्थान और विशेष रूप से वनस्पति विज्ञान विभाग के लिए गर्व का विषय है। उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष भी इसी महाविद्यालय की डॉ. आराधना को उत्कृष्ट शिक्षिका के सम्मान से नवाजा गया था। लगातार दो वर्षों से विभाग को मिली इस उपलब्धि ने महाविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को नई पहचान दी है।

प्राथमिक शिक्षा वर्ग में श्री हरीश नौटियाल एवं रावत जी को भी सम्मानित किया गया।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में पूर्व शिक्षा निदेशक प्रो. बहादुर सिंह बिष्ट, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लोहनी, हल्द्वानी के विधायक वंशीधर भगत, हल्द्वानी के मेयर श्री बिष्ट सहित अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार, संपादक, एमआईईटी के प्राचार्य, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

यह सम्मान उत्तरकाशी जनपद के शैक्षणिक परिदृश्य के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button