अपराधउत्तराखंड

रुद्रप्रयाग के होटल में महिला की मौत, साथ आए दो युवक फरार; हत्या की आशंका

मुख्य बाजार के होटल में ठहरी थी महिला, कमरे में मृत मिली; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रुद्रप्रयाग। मुख्य बाजार स्थित एक होटल में ठहरी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया हत्या से जोड़कर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार हरियाणा से आए दो युवक और एक महिला बीती रात रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार स्थित एक होटल में कमरा लेकर ठहरे हुए थे। शनिवार सुबह दोनों युवक कमरे की चाबी होटल स्वामी को देकर यह कहकर बाहर चले गए कि वे कुछ देर में लौट आएंगे।

लेकिन देर शाम तक भी दोनों के वापस न लौटने पर होटल स्वामी को संदेह हुआ। उन्होंने कमरे की खिड़की से अंदर झांककर देखा तो महिला कमरे के भीतर संदिग्ध अवस्था में गिरी हुई दिखाई दी। इसके बाद होटल स्वामी ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर जांच की। अंदर महिला मृत अवस्था में मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार महिला के साथ आए दोनों युवक सुबह से ही फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुट गई है।

कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी साक्ष्य जुटाने में लगी है और जांच के बाद मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। देर रात तक पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन पड़ताल में जुटी रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button