
देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य में अब तक 85 प्रतिशत मतदाताओं की बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) मैपिंग पूरी कर ली गई है। आगामी 1 अप्रैल से प्री-एसआईआर (Special Intensive Revision) के तहत सघन मैपिंग अभियान शुरू किया जाएगा।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और अपडेट करना है।
उन्होंने कहा कि सभी बूथों पर अनुपस्थित, स्थानांतरित (शिफ्टेड) और मृत मतदाताओं की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जा रही है। साथ ही राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 19 हजार बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त किए जा चुके हैं, जो इस प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं।
एक क्लिक पर बीएलओ से बात की सुविधा
मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर शुरू किया है। इसके माध्यम से मतदाता आसानी से अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर या ECI-NET मोबाइल ऐप डाउनलोड कर कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक करने के बाद संबंधित बीएलओ दो दिनों के भीतर मतदाता से संपर्क करेगा।
निर्वाचन विभाग का मानना है कि इस पहल से मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और मतदाता सूची की पारदर्शिता भी बढ़ेगी।



