प्रतापनगर। श्री इंद्रमणि नौटियाल की वतन वापसी के लिए चल रही सहयोग मुहिम में ग्राम पंचायत शुक्री के ग्रामीणों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए 1,04,707 रुपये की सहयोग राशि एकत्रित की। ग्राम प्रधान ममता कुड़ियाल ने यह पूरी राशि इंद्रमणि नौटियाल की पुत्री कुमारी दीपिका नौटियाल को सौंप दी।
ग्राम प्रधान के अनुसार ग्राम पंचायत शुक्री की ओर से पूर्व में चलाए गए सहयोग अभियान के दौरान ग्रामीणों ने स्वेच्छा से 78,407 रुपये एकत्रित किए थे। यह राशि 11 अगस्त 2026 को दीपिका नौटियाल को सौंप दी गई थी।
इसके बाद पुनः सहयोग मुहिम शुरू की गई, जिसमें ग्रामीणों ने स्वेच्छा से 26,300 रुपये एकत्रित किए। यह राशि 30 सितंबर 2026 को दीपिका नौटियाल को उनकी सहमति एवं प्राप्ति के साथ सौंप दी गई। इस तरह दोनों चरणों में ग्राम पंचायत शुक्री के माध्यम से कुल 1,04,707 रुपये की सहयोग राशि एकत्रित हुई, जिसे पूरी तरह दीपिका को सौंप दिया गया।
ग्राम प्रधान ने बताया कि इसके अलावा कुछ सहयोगी व्यक्तियों ने Google Pay के माध्यम से सीधे दीपिका नौटियाल के खाते में भी सहायता राशि भेजी है। यह राशि ग्राम पंचायत के माध्यम से एकत्रित नहीं हुई है और इसका विवरण ग्राम प्रधान के पास उपलब्ध राशि में शामिल नहीं है।
सार्थक प्रयास न्यूज़ चैनल का जताया आभार
ग्राम प्रधान ममता कुड़ियाल ने सहयोग मुहिम को समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सार्थक प्रयास न्यूज़ चैनल का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि कठिन समय से गुजर रहे परिवार के प्रति समाज का मानवीय संबल और अपनत्व है।
उन्होंने ग्राम पंचायत शुक्री के सभी ग्रामवासियों, सहयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति और सार्थक प्रयास न्यूज़ चैनल के प्रति हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की कि श्री इंद्रमणि नौटियाल शीघ्र सकुशल अपने परिवार के बीच लौटें।



