पुरोला, मोरी प्रखंड के अंतर्गत निर्माणाधीन सौड़ तालुका-ओसला मोटर मार्ग पर सड़क कटिंग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सड़क का एलाइनमेंट तय मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा, जिससे भविष्य में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का विरोध जताया। उनका कहना है कि सड़क कटिंग ऐसे खड़ी और कठिन ढलान वाले क्षेत्रों में की जा रही है, जहां वर्तमान में खच्चरों का चलना भी मुश्किल है। ऐसे में इस मार्ग पर बड़े वाहनों का संचालन सुरक्षित और सुचारू रूप से हो पाना संदिग्ध है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि निर्माण कार्य इसी तरह जारी रहा, तो करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा देने का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा।
उन्होंने कार्यदायी संस्था पीएमजीएसवाई से निर्माण कार्य की सख्त निगरानी करने और ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से, विशेषकर रात के समय किए जा रहे कार्यों पर रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
विरोध जताने वालों में हरिचंद, हृदेश, उमराल सिंह, शलदार, रमेश लाल, मारकंडी, गजेंद्र और बृजमोहन लाल सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।
वहीं, पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता सुभाष दोरियाल ने बताया कि सड़क कटिंग का कार्य अभी प्रारंभिक चरण में है और मौके पर दो कनिष्ठ अभियंताओं की निगरानी में मानकों के अनुरूप कार्य कराया जा रहा है।



