
उत्तरकाशी। रामचंद्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन यू-कॉस्ट एवं लक्ष्य सोसायटी के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पंकज पंत के निर्देशन में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रशांत आर्य (आईएएस), आईटीबीपी 12वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट लेखराज राणा, डीएफओ डी.पी. बलोनी (आईएफएस), रिव्यू ऑफिसर वन एवं पर्यावरण (सचिवालय) किशन असवाल तथा प्राचार्य प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र पाल सिंह परमार सहित अन्य प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस वर्ष विज्ञान दिवस की थीम ‘विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को उत्प्रेरित करना’ रही। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने अपने संबोधन में विज्ञान के सामाजिक विकास में योगदान पर प्रकाश डालते हुए मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं के साथ इंटरैक्टिव सत्र में संवाद किया और उनके प्रश्नों का रोचक ढंग से उत्तर दिया। उन्होंने महिलाओं की प्रकृति से जुड़ाव और विज्ञान के क्षेत्र में उनकी बढ़ती भागीदारी की सराहना की।
रिव्यू ऑफिसर किशन असवाल ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी। डीएफओ डी.पी. बलोनी ने ‘पावर ऑफ ऑब्जर्वेशन’ विषय पर व्यावहारिक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान और महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट लेखराज राणा ने सेना में विज्ञान और तकनीक के महत्व तथा महिलाओं के योगदान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में प्रथम मुख्य वक्ता के रूप में इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश सिंह ने ‘वैज्ञानिक विकास एवं दर्शन शास्त्र का ऐतिहासिक परिदृश्य’ विषय पर विचार रखे। वहीं, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. महेंद्र पाल सिंह परमार ने ‘सूक्ष्म वस्तुओं में विज्ञान’ विषय पर व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम का संचालन शोध छात्रा किरन नेगी एवं डॉ. रमेश सिंह ने किया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें महाविद्यालय एवं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
चित्रकला प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में खुशी उनियाल प्रथम, दीक्षित्ता सेमवाल द्वितीय और शिवानी असवाल तृतीय रहीं। जूनियर वर्ग में साम्भवी (एल्पाइन पब्लिक स्कूल) प्रथम, आर्याश्री (गोस्वामी गणेश दत्त विद्या मंदिर) द्वितीय तथा नीलम पटेल (गोस्वामी गणेश दत्त विद्या मंदिर) तृतीय रहीं। छात्र व्याख्यान प्रतियोगिता में सौरभ ने प्रथम, आयुषी ने द्वितीय और सलोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंत में मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में छात्रसंघ प्रतिनिधि, प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





