
हल्द्वानी। कुसुमखेड़ा निवासी 23 वर्षीय युवक शुभ दिवाकर का शव बृहस्पतिवार देर शाम पीलीकोठी क्षेत्र के पास बरामद होने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने प्राथमिक जांच में नशे की ओवरडोज को मौत की वजह माना है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
जानकारी के अनुसार, शुभ दिवाकर दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और कुछ दिन पहले ही अपने घर कुसुमखेड़ा, हरीपुर नायक भूमिया विहार फेस-2 लौटा था। उसकी मां यहां किराए के मकान में रहकर घरों में काम करती हैं। शुभ तीन बहनों का इकलौता भाई था।
बृहस्पतिवार देर शाम परिजनों को एक परिचित ने सूचना दी कि शुभ पीलीकोठी के पास अचेत अवस्था में पड़ा है। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जांच के दौरान युवक के शरीर पर इंजेक्शन के निशान पाए गए, जबकि घटनास्थल से इंजेक्शन सहित नशे से संबंधित अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, ये सभी साक्ष्य नशे की ओवरडोज की ओर संकेत कर रहे हैं।
परिजनों और परिचितों से पूछताछ में यह भी सामने आया कि शुभ नशे की लत का शिकार था। बताया जा रहा है कि वह बुधवार शाम घर से निकला था, जिसके बाद रातभर उससे संपर्क नहीं हो पाया।
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि युवक की पूरी हिस्ट्री खंगाली जा रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।



