उत्तराखंड प्रीमियर लीग टिहरी टाइटंस फाइनल में पहुंची

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

उत्तराखंड प्रीमियर लीग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में टिहरी टाइटंस ने देहरादून दबंग को 22 रन से हरा दिया है, इसके साथ ही टिहरी टाइटंस उत्तराखंड प्रीमियर लीग के फाइनल में पहुंच गई है। देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन बाजी टिहरी टाइटंस ने जीत ली।

देहरादून दबंग ने आज टॉस जीतकर टिहरी टाइटंस को पहले बेटिंग के लिए आमंत्रित किया। टिहरी टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 188 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। पियूष जोशी ने सबसे अधिक 80 रन अपनी टीम के लिए बनाए। अखिल रावत ने 52 रनों की पारी खेली वहीं, अपने लगातार दो छक्कों से टिहरी टाइटंस को  सेमीफाइनल में पहुंचाने वाले खिलाड़ी प्रशांत भाटी ने एक बार फिर शानदार पारी खेली। उन्होंने एक ओवर में लगातार चार छक्के भी लगाए। वो 11 गेंदों में 32 रन बनाकर नाबाद लौटे। देहरादून दबंग की ओर से गिरीश रतूड़ी ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए।

जवाब में देहरादून दबंग की टीम 18.4 ओवर में 166 रन बनाकर आल आउट हो गई। देहरादून दबंग की टीम से सबसे अधिक 74 रन प्रभाकर नैनवाल ने बनाए। इसके अलावा भानुप्रताप ने 29 रन और सत्यम अरोड़ा ने 27 रनों की पारी खेली। टिहरी टाइटंस की तरफ से शिवा सोनी और सुमित जुयाल ने तीन-तीन विकेट लिए, प्रशांत भाटी को दो विकेट मिले।

Share This Article
Leave a Comment