
देहरादून। शहर में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कमर्शियल गैस सिलिंडर के उपयोग पर रोक के बाद घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी की आशंका बढ़ गई है। जिला पूर्ति विभाग की टीम ने विभिन्न होटल और रेस्टोरेंट में छापेमारी कर 37 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए हैं। मामले में गैस एजेंसियों की मिलीभगत की भी जांच की जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के अनुसार विभागीय टीम ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान चलाकर 65 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान नियमों के विरुद्ध इस्तेमाल हो रहे 37 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए गए। अब यह जांच की जा रही है कि ये सिलिंडर किस गैस एजेंसी से जुड़े हैं।
उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहे सिलिंडर
इधर उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर मिलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आयल कंपनियों की वेबसाइट पर बुकिंग करने के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। एजेंसियों का बुकिंग सर्वर बाधित होने से लोग गैस बुक नहीं करा पा रहे हैं।
कई उपभोक्ता ऐसे हैं जिनकी बुकिंग की समय अवधि पूरी हो चुकी है, फिर भी उन्हें गैस नहीं मिल रही। एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलिंडर का उपयोग
बताया जा रहा है कि पेट्रोलियम मंत्रालय के नए निर्देशों के बाद कई होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट संचालक कमर्शियल सिलिंडर के बजाय घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग करने लगे हैं। इससे घरेलू सिलिंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी की आशंका बढ़ गई है।
निगरानी के लिए चार टीमें गठित
स्थिति को देखते हुए पूर्ति विभाग ने निगरानी के लिए चार टीमें गठित की हैं। क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षकों को गैस एजेंसियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एजेंसियों के स्टॉक और डिलीवरी की भी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
एक सिलिंडर कनेक्शन धारकों के लिए बढ़ी परेशानी
पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार गैस सिलिंडर बुकिंग के बाद करीब 25 दिन का इंतजार करना पड़ सकता है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं के पास केवल एक सिलिंडर कनेक्शन है, उन्हें अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी
सहस्त्रधारा रोड निवासी मोनिका गुप्ता ने बताया कि दोनों गैस सिलिंडर खाली हो गए हैं और सर्वर ठप होने से ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो पा रही। वहीं राजीव नगर निवासी सयैद मोइन ने कहा कि 25 दिन पहले बुकिंग कराने के बाद भी गैस नहीं मिल रही है।
टीचर कॉलोनी के जयपाल सिंह ने कहा कि बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं और गैस न मिलने से भोजन बनाने में परेशानी हो रही है। बल्लीवाला निवासी अरुणा देवी ने कहा कि गैस बुकिंग के बाद भी डिलीवरी नहीं हो रही, इसलिए महिलाओं को एजेंसियों के बाहर लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल का कहना है कि घरेलू गैस की सप्लाई में किसी तरह की कमी नहीं है। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगातार चेकिंग की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





