Ad image

नत्थनपुर की प्रतिमायन चौक कॉलोनी में लगा प्रवेश द्वार बोर्ड

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। नगर निगम देहरादून के वार्ड नंबर 95 नत्थनपुर (2) स्थित प्रतिमायन चौक कॉलोनी में बुधवार को कॉलोनी के प्रवेश द्वार का बोर्ड स्थापित किया गया। इस मौके पर कॉलोनी के निवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कॉलोनी की स्वच्छता, सुरक्षा और “स्वच्छ दून, स्वस्थ दून” के प्रति जागरूकता के लिए यह क्षेत्र अपनी अलग पहचान रखता है। यहां के निवासी समय-समय पर बिजली, पानी, सड़क, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय करते हैं। साथ ही कॉलोनी की सुरक्षा के दृष्टिगत शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए रात्रि मार्च भी किया जाता है।

कॉलोनी के सौंदर्यीकरण अभियान के तहत कॉलोनी निवासी मदन सिंह रौतेला के सहयोग से प्रतिमायन चौक कॉलोनी के आवासीय परिसर के प्रवेश द्वार का बोर्ड तैयार कराया गया था, जिसे उन्होंने ‘प्रतिमायन चौक कॉलोनी कल्याण समिति’ को भेंट किया।

बुधवार को कॉलोनी निवासियों की उपस्थिति में 36 फीट चौड़ी मुख्य सड़क दिनकर पथ के दोनों ओर लगे मजबूत खंभों पर वेल्डिंग के माध्यम से प्रवेश द्वार का बोर्ड स्थापित किया गया।

इस अवसर पर मदन सिंह रौतेला ने कहा कि कॉलोनी की सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास के लिए भविष्य में भी उनका हर संभव सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने सभी कॉलोनी निवासियों से प्रतिमायन चौक कॉलोनी को एक आदर्श कॉलोनी बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम में मौजूद कॉलोनी निवासियों और गणमान्य लोगों ने मदन सिंह रौतेला के इस सराहनीय और प्रेरणादायक योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान नरेश चंद्र कुलाश्री, राधाकृष्ण पंत, वीर सिंह चौहान, जितेंद्र सिंह नेगी, रघुवीर सिंह खाती, राम लाल पैन्यूली, जयपाल सिंह रावत, संजय सिंह नेगी, पुलम सिंह चौहान, देवेंद्र सिंह भंडारी सहित कॉलोनी के अनेक निवासी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment