रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में बृहस्पतिवार सुबह हुई बर्फबारी से बाबा केदार की नगरी बर्फ की सफेद चादर में लिपट गई। बर्फबारी के बाद धाम का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया। बर्फ से ढकी पहाड़ियों और मंदिर परिसर को देखकर श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। कई श्रद्धालु इस अद्भुत नजारे को अपने कैमरों में कैद करते दिखे, तो कुछ ने सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को संजोया। हालांकि, बर्फबारी के चलते धाम में ठंड बढ़ गई है।
वहीं, जिले के निचले इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला रहा। जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग के साथ ही ऊखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्र में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
कपाट बंद होने से पहले दर्शन को पहुंच रहे भक्त
केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए 11 नवंबर को बंद होने हैं। ऐसे में कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्तों के उत्साह में कमी नहीं आई है। श्रद्धालु मौसम की चुनौतियों के बीच बाबा के दर्शन कर रहे हैं।
18.53 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
इस यात्रा सीजन में अब तक 18 लाख 53 हजार से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन कर चुके हैं। बुधवार को धाम में 8,376 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके साथ ही इस वर्ष केदारनाथ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 18,53,032 हो गई है। कपाट बंद होने का समय नजदीक आने के बावजूद धाम में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।



