चौरास। नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत 19 सितंबर को राजकीय इंटर कॉलेज किलकिलेश्वर चौरास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शांतिकुंज गायत्री परिवार के नशा मुक्ति अभियान से जुड़े सदस्य देवी सिंह पंवार और रुद्रप्रयाग के कोऑर्डिनेटर शशिधर सेमल ने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने और अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
देवी सिंह पंवार ने कहा कि विद्यार्थियों को गलत संगत, नशे और गलत आचरण से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान सही दिशा और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने वाला व्यक्ति अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने कहा कि माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करना जीवन में सफलता का आधार है। विद्यार्थियों को माता-पिता को भक्तिभाव से सम्मान देते हुए उनके संस्कारों और शिक्षाओं का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आचार्य श्रीराम शर्मा और वंदनीय माता भगवती शर्मा ने भी जीवन में संस्कार, अनुशासन और सदाचार को विशेष महत्व दिया है।
उन्होंने विद्यार्थियों से शांतिकुंज हरिद्वार आने का आह्वान करते हुए कहा कि वहां विभिन्न आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से ज्ञान और संस्कार प्राप्त किए जा सकते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचने और स्वस्थ एवं संस्कारवान जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।



