अपराधउत्तराखंड

बंद दुकान से 135 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त, मालिक पर केस दर्ज

मुखबिर की सूचना पर पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

ऋषिकेश, लक्कड़घाट क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जमा किए गए 135 कमर्शियल गैस सिलेंडरों को जब्त किया है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पूर्ति विभाग और पुलिस की टीम ने बंद दुकान का ताला तोड़कर पूरे मामले का खुलासा किया।

मंगलवार सुबह मिली सूचना के आधार पर पूर्ति विभाग ने स्थानीय प्रशासन को जानकारी दी, जिसके बाद एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। दोपहर करीब 2:30 बजे नायब तहसीलदार जाहिद हुसैन के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और दुकान का ताला तोड़ा।

जांच में पाया गया कि पूरी दुकान कमर्शियल गैस सिलेंडरों से भरी हुई थी। यहां से कुल 135 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। इसके बाद पूर्ति विभाग ने आशुतोष गैस एजेंसी के प्रबंधक को मौके पर बुलाकर सभी सिलेंडर उनके सुपुर्द कर दिए।

दुकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई
पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली ने बताया कि पूछताछ में जितेंद्र चौहान ने जानकारी दी कि दुकान उनके भाई धर्मेंद्र सिंह (नजफगढ़, नई दिल्ली) की है।

इस मामले में पूर्ति विभाग ने दुकान स्वामी धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंप दी है। कोतवाली ऋषिकेश के प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अवैध गैस भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button