भारी बारिश का कहर: 30 घंटे से ठप बदरीनाथ हाईवे, 300 यात्री फंसे

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

जोशीमठ/श्रीनगर। लगातार बारिश के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह से हाईवे करीब 30 मीटर हिस्से में बने मलबे व बोल्डरों से अवरुद्ध हो गया। जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप पड़ी है। हाईवे के दोनों ओर बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे करीब 300 यात्री फंसे हुए हैं और सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

भनेरपाणी में सबसे नाजुक स्थिति
भनेरपाणी क्षेत्र में लगातार हो रहे भूस्खलन से हाईवे बदहाल हो गया है। शुक्रवार को भी भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरे। एनएचआईडीसीएल की टीम जेसीबी और पोकलैंड मशीनों से मलबा हटाने में जुटी हुई है, लेकिन अब तक यातायात बहाल नहीं हो पाया।

कौड़ियाला के पास 16 घंटे से बंद मार्ग
गुरुवार रात भारी बारिश के बाद ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग कौड़ियाला पुल के पास भूस्खलन से अवरुद्ध हो गया। राजमार्ग बंद होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। यात्री बारिश और अव्यवस्था के बीच परेशान हैं।

पुलिस ने किए डायवर्जन, आपूर्ति पर असर
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने श्रीनगर से आने वाले वाहनों को हिंडोलाखाल-मलेथा के वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट कर दिया है। सड़क बंद होने से दूध, अखबार और सब्जियों जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है।

इंजीनियर का दावा – देर रात तक छोटे वाहन चल सकेंगे
एनएच लोनिवि के सहायक अभियंता ललित मोहन बेंजवाल ने बताया कि सड़क से मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। देर रात तक छोटे वाहनों की आवाजाही संभव हो सकती है, जबकि बड़े वाहनों के लिए शनिवार तक इंतजार करना पड़ सकता है।

Share This Article
Leave a Comment