उत्तराखंडसामाजिक

गंगोत्री यात्रा में सीमित पंजीकरण पर हंगामा, बाद में 1100 से अधिक यात्रियों को मिली अनुमति

उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम यात्रा पर सीमित संख्या में यात्रियों को जाने देने की सूचना से शुक्रवार को हीना पंजीकरण जांच केंद्र पर हंगामा हो गया। बड़ी संख्या में पहुंचे तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। पुलिस व प्रशासन की समझाइश के बाद यात्रियों को धाम जाने की अनुमति दी गई और करीब 1100 से अधिक यात्री गंगोत्री रवाना हुए, तब जाकर स्थिति सामान्य हुई।

धराली आपदा के बाद मंगलवार से गंगोत्री यात्रा टैक्सी वाहनों से शुरू की गई थी। शुरुआत में रोजाना करीब 500 से 570 यात्रियों को ही यात्रा की अनुमति दी जा रही थी। लेकिन शुक्रवार सुबह गुजरात, दक्षिण भारत समेत अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में यात्री टेम्पो ट्रैवलर से हीना पंजीकरण केंद्र पर पहुंचे। वहां उन्हें केवल 500 यात्रियों को ही भेजे जाने की जानकारी दी गई, जिससे नाराजगी फैल गई।

पंजीकरण केंद्र पर तैनात पुलिसकर्मियों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया। बाद में व्यवस्था संभालने वाली कंपनी ने अन्य यात्रियों को भी अनुमति देने की बात कही, जिसके बाद दिनभर में करीब 1100 से अधिक यात्री धाम के लिए रवाना हो सके। केंद्र के एक कर्मचारी ने बताया कि सुबह स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, इसलिए अतिरिक्त यात्रियों को भी जाने दिया गया। अब टैक्सी वाहनों के खाली होने के बाद अन्य यात्रियों को अगले दिन ही भेजा जाएगा।

चार दिन में 2398 यात्री पहुंचे गंगोत्री धाम

गंगोत्री धाम की दूसरे चरण की यात्रा मंगलवार से शुरू हुई। अब तक कुल 2398 यात्रियों ने दर्शन किए हैं। मंगलवार को 173, बुधवार को 567, गुरुवार को 639 और शुक्रवार को 1019 यात्री धाम के लिए रवाना हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button