Ad image

शादी से लौटते वक्त बड़ा हादसा: कार गंगनहर के रजवाहे में गिरी, दो युवकों की मौत

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

रुड़की/मंगलौर। शादी समारोह से लौट रहे दो युवकों की दर्दनाक हादसे में डूबने से मौत हो गई। घटना रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के तांसीपुर गांव के पास की है।

जानकारी के अनुसार, देवबंद से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही कार तांसीपुर के समीप अचानक अनियंत्रित हो गई और गंगनहर के रजवाहे में जा गिरी। हादसे के समय कार में सवार दोनों युवक बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान रुड़की निवासी सचिन धीमान और अमन त्यागी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची। संयुक्त सर्च अभियान चलाकर दोनों के शव गंगनहर से बाहर निकाले गए।

इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शेखर चंद सुयाल ने दो लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने से यह दुर्घटना हुई, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रजवाहे के आसपास सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment