
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर में आज से बजट सत्र शुरू होगा। चुनावी वर्ष को देखते हुए धामी सरकार का इस बार पेश होने वाला आम बजट खास माना जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इस बजट में युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए कई अहम घोषणाएं देखने को मिल सकती हैं। सरकार का फोकस विशेष रूप से महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास और किसानों की आय बढ़ाने पर रहने की संभावना है।
बजट में महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता से जुड़ी नई योजनाओं के साथ स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा सकता है। वहीं युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देने और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण योजनाओं की घोषणा होने की भी उम्मीद है, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें।
कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सरकार किसानों के हित में कई कदम उठा सकती है। जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम, कृषि उपकरणों, बीज और अन्य आवश्यक संसाधनों पर सब्सिडी बढ़ाने जैसे फैसले लिए जा सकते हैं। साथ ही बागवानी और पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी नई योजनाएं लाई जा सकती हैं।
पांच दिवसीय सत्र के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) समेत आठ से अधिक विधेयक और अध्यादेश सदन पटल पर रखे जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों और आयोगों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी सदन में प्रस्तुत की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भराड़ीसैंण पहुंचने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने उनसे मुलाकात कर सत्र की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से भी भेंट की।
विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। सरकार का प्रयास ऐसा बजट लाने का होगा, जो प्रदेश के हर वर्ग के विकास को गति देने के साथ गरीबी उन्मूलन की दिशा में भी प्रभावी साबित हो सके।





