
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ सकती है। बुधवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने सदन में सत्र की अवधि बढ़ाने के संकेत दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि आवश्यकता हुई तो शनिवार को भी सदन की कार्यवाही चलाई जा सकती है। रविवार को अवकाश रखते हुए सोमवार को फिर से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जितनी चर्चा करना चाहता है, सरकार उसके लिए तैयार है और विपक्ष के एक-एक सवाल का जवाब दिया जाएगा।
सीएम ने कहा कि विपक्ष बार-बार यह आरोप लगा रहा है कि सरकार सदन नहीं चलाना चाहती, जबकि वास्तविकता इससे अलग है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में भराड़ीसैंण में सबसे अधिक विधानसभा सत्र आयोजित किए गए हैं और भविष्य में भी इसकी संख्या बढ़ाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल सत्र शुक्रवार तक निर्धारित है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने दोहराया कि सरकार विपक्ष के हर मुद्दे पर खुलकर चर्चा करने को तैयार है।
सीएम ने कहा कि सरकार ने कोई गलत काम नहीं किया है और पहाड़ की उम्मीद व स्वाभिमान का प्रतीक गैरसैंण सरकार के दिल में बसा हुआ है। यही कारण है कि विधानसभा सत्र के अलावा भी सरकार ने यहां कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए हैं।





