Ad image

ॐ छात्र संगठन का 13वां स्थापना दिवस समारोह संपन्न, नई जिला कार्यकारिणी गठित

Ramesh Kuriyal
4 Min Read

उत्तरकाशी। नगरपालिका सभागार उत्तरकाशी में मंगलवार को ॐ छात्र संगठन का 13वां स्थापना दिवस समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं ने संगठन की सदस्यता ग्रहण कर छात्रहित और युवाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।

संगठन के निवर्तमान जिलाध्यक्ष देवराज बिष्ट ने नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। कार्यक्रम में नगर पालिका सभासद एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ॐ छात्र संगठन युवाओं को नेतृत्व की सीख देने वाली नर्सरी है। उन्होंने कहा कि संगठन में पद मिलना महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि निस्वार्थ भाव और पूरी निष्ठा से संगठन के लिए काम करना ही सच्चे समर्पण की पहचान है।

उन्होंने धनारी, बाड़ागड्डी, बड़कोट, पुरोला और भटवाड़ी समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने हमेशा क्षेत्र और जाति से ऊपर उठकर सर्वसमावेशी सोच के साथ छात्र और युवा हितों को प्राथमिकता दी है।

नई जिला कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी

* चुनाव पर्यवेक्षक: आदित्य चौहान
* जिलाध्यक्ष: विनय मोहन चौहान
* जिला उपाध्यक्ष: सुधांशु रतूड़ी
* जिला संयोजक: आयुष बिष्ट
* जिला महासचिव: शुभम चमोली
* जिला कोषाध्यक्ष: संजीव
* जिला मीडिया प्रभारी: वैभव मखलोगा
* जिला सहसचिव: सत्यम रावत
* नगर अध्यक्ष: रोहित उनियाल

संस्थापक अमरीकन पुरी ने दी नई टीम को बधाई

ॐ छात्र संगठन के संस्थापक अमरीकन पुरी ने नई जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों और संगठन से जुड़े नए कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नई टीम के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि पदाधिकारी संगठन की विचारधारा, छात्रहित और युवाओं की आवाज को मजबूती से आगे बढ़ाते हुए पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ एवं मार्गदर्शक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से युवाओं में उत्साह नजर आया। इस दौरान जसपाल चौहान, गौतम पंवार, आकाश भट्ट, जयवीर नेगी, दीपक भट्ट, आकाश सेमवाल, अभिषेक चौहान और गौरव भट्ट समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।

सैकड़ों युवाओं ने ली संगठन की सदस्यता

स्थापना दिवस के अवसर पर सैकड़ों युवाओं ने ॐ छात्र संगठन की सदस्यता ग्रहण की। युवाओं ने संगठन से जुड़कर छात्रहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और आगामी छात्रसंघ चुनाव समेत संगठन की ओर से दी जाने वाली जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में संगठन की आगामी गतिविधियों, छात्रहित से जुड़े मुद्दों और युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने नई जिला कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम संगठन की 13 वर्षों की यात्रा को आगे बढ़ाते हुए छात्रहित, युवा नेतृत्व, संगठनात्मक मजबूती और समाजसेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।

13 वर्षों की विरासत, नए युवाओं का जोश और अगले दो वर्षों का नया संकल्प—इसी संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Share This Article
Leave a Comment