पिथौरागढ़। जनपद के अस्कोट थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने आपसी विवाद के चलते अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। बुधवार देर रात हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं गांव में चल रहा शादी समारोह मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार नेपाल सीमा से सटे द्वालीसेरा गांव में बुधवार रात एक शादी समारोह आयोजित था। गांव के ही भुवन प्रसाद (50) अपनी पत्नी गीता देवी (38) के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर भुवन प्रसाद ने कुल्हाड़ी से गीता देवी पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी तब लगी जब आरोपी के परिजनों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां गीता देवी का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी केएस रावत ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गई हैं, जिनमें से एक बेटा और एक बेटी की शादी हो चुकी है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।



