देहरादून, राज्य सरकार ने राशन कार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को अनिवार्य कर दिया है। सभी यूनिट धारकों को 30 मई तक हर हाल में अपनी ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में राशन वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए।
सरकार की ओर से नेशनल इनफॉर्मेटिक्स सेंटर के माध्यम से “मेरा ई-केवाईसी” ऐप तैयार किया गया है। इस ऐप के जरिए बुजुर्ग, दिव्यांग और असहाय लाभार्थी घर बैठे ही आसानी से अपनी ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं। प्रक्रिया में आधार नंबर, पंजीकृत मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी और फेस रिकॉग्निशन का उपयोग किया जाता है।
जारी आंकड़ों के अनुसार, सफेद राशन कार्ड धारकों में अब तक 72 प्रतिशत ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। कुल 9,58,624 धारकों में से 6,91,086 लाभार्थी प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। वहीं, पीले राशन कार्ड धारकों में यह आंकड़ा 40 प्रतिशत है, जहां 5,03,316 में से 1,98,241 लाभार्थियों ने ई-केवाईसी कराई है।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि “मेरा ई-केवाईसी” ऐप के माध्यम से छूटे हुए लाभार्थी भी आसानी से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। खासतौर पर ऐसे लोग, जो राशन की दुकानों तक पहुंचने में असमर्थ हैं, उनके लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो रही है।
उन्होंने सभी राशन कार्ड धारकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी पूर्ण करने की अपील की है, ताकि उन्हें सरकारी खाद्यान्न का लाभ लगातार मिलता रहे।



