Ad image

उत्तराखंड में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं, तेल कंपनियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने उत्तराखंड में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर लोगों को आश्वस्त किया है। कंपनियों ने साफ किया है कि प्रदेश में सभी आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और निर्बाध रूप से जारी है तथा कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है।

Hindustan Petroleum Corporation Limited, Bharat Petroleum Corporation Limited और Indian Oil Corporation Limited की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि राज्य में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह स्थिर बनी हुई है।

कंपनियों के अनुसार, टर्मिनलों और डिपो से लेकर पेट्रोल पंपों तक पूरी सप्लाई चेन सुचारु रूप से काम कर रही है। सभी स्थानों पर ईंधन स्टॉक की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता के अनुसार समय-समय पर पुनःपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है।

एलपीजी की आपूर्ति भी सामान्य

तेल कंपनियों ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है और पूरे प्रदेश में रसोई गैस की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है। उपभोक्ताओं तक निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

आईओसीएल उत्तराखंड के राज्य स्तरीय समन्वयक कृष्ण कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में ईंधन को लेकर चिंता की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से पेट्रोल, डीजल या गैस का संग्रह न करें और सामान्य खपत व्यवहार बनाए रखें।

अफवाहों से बचने की अपील

कृष्ण कुमार गुप्ता ने कहा कि ईंधन उपलब्धता से जुड़ी सही और प्रमाणित जानकारी के लिए लोग केवल तेल विपणन कंपनियों के आधिकारिक संचार माध्यमों पर ही भरोसा करें। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने और संयम बनाए रखने की अपील भी की।

Share This Article
Leave a Comment