Ad image

मुखेम में गोल्जू देवता यात्रा का भव्य स्वागत, शराबमुक्त उत्तराखंड की उठी मांग

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

23 अप्रैल 2026 को न्याय के देवता गोल्जू एवं गोलू की पांचों धाम सेम मुखेम पहुंची यात्रा का क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। मंदिर समिति के प्रबंधक विजय पोखरियाल के आह्वान पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मुखेम बाजार और आसपास के क्षेत्रों में एकत्र हुए।

यात्रा के दौरान संयोजक विजय भट्ट के नेतृत्व में ढोल-दमाऊ, तूरी और रणसिंघा की पारंपरिक धुनों के साथ देवता की अगवानी की गई। श्रद्धालुओं ने देवता से आशीर्वाद प्राप्त किया और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।

इस दौरान एक श्रद्धालु ने अपने नाती ध्रुव के साथ पहुंचकर गोल्जू देवता को ज्ञापन सौंपा, जिसमें उत्तराखंड को शराबमुक्त बनाने की मांग की गई। श्रद्धालु का कहना है कि देवता ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए जनहित में कार्य करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक लाखीराम जोशी सहित कई गणमान्य लोग और क्षेत्रवासी शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने इसे अपने लिए सौभाग्य का क्षण बताया और देवताओं के प्रति आस्था व्यक्त की।

गौरतलब है कि अल्मोड़ा के चितई मंदिर में विराजमान गोल्जू देवता न्याय के देवता के रूप में पूजे जाते हैं और इनकी यात्रा इन दिनों पूरे उत्तराखंड में भ्रमण कर भक्तों को आशीर्वाद दे रही है।

भक्तों ने देवताओं के आदेशों का पालन करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प भी लिया।

Share This Article
Leave a Comment