देहरादून। गुच्चुपानी चौक पर सड़क पर खुले में शराब पीने और रास्ता देने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने क्रॉस मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रास्ता मांगने पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, एक पक्ष के सुमीत सैन ने शिकायत में बताया कि 10 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे वह गुच्चुपानी से अनारवाला के विजयपुर स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गुच्चुपानी चौक पर कुछ लोग सड़क पर शराब पी रहे थे। आरोप है कि उन्होंने घर जाने के लिए गाड़ी हटाकर रास्ता देने को कहा तो राजीव गुरुंग, आनंद गुरुंग, शिवा, सत्यम, मोहित शर्मा, मोहन और आकाश समेत अन्य लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके साथ मारपीट की।
शिकायत के मुताबिक, मारपीट के दौरान ललित के सिर में चोट आई। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत की।
बीच-बचाव करने पर मारपीट का आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष के सत्यम गुरुंग ने भी पुलिस को शिकायत दी। उनका आरोप है कि गाड़ी हटाने को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हो रहा था। वह विवाद शांत कराने और बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान सुमीत सैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस मुकदमे दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



