Ad image

UK-07 राइडर अनुराग डोभाल की मुश्किलें बढ़ीं

Sarthak Prayash Admin
3 Min Read

देहरादून। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग डोभाल उर्फ यूके-07 राइडर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। रायपुर थाने में अनुराग डोभाल और उसके पांच-छह साथियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, निजी डिजिटल डेटा चोरी करने और सामान ले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता आयुष थपलियाल का आरोप है कि आरोपियों ने हथियार दिखाकर उसे डराया और दबाव बनाकर मोबाइल से निजी जानकारी हासिल करने के साथ ही सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने के लिए मजबूर किया।

तीन अक्तूबर की रात घर में घुसने का आरोप

शिकायतकर्ता आयुष थपलियाल के मुताबिक, घटना तीन अक्तूबर 2026 की रात करीब आठ बजे विवेक विहार, नकरौंदा स्थित उसके घर पर हुई। आरोप है कि अनुराग डोभाल अपने साथियों के साथ गाली-गलौज करते हुए घर में घुसा और उसके बाल खींचकर थप्पड़ मारे। इस दौरान छोटा पंडित उर्फ खुखरी ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि टाइगर ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया।

आयुष का कहना है कि उसकी मौसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो अनुराग ने उसकी मां और मौसी के पैर छूकर शांत रहने को कहा। हालांकि, आरोप है कि इसके बाद टाइगर और खुखरी ने कमर में हथियार दिखाकर उसे चुप रहने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे हरिद्वार के अभिषेक सैनी जैसा हश्र करने की धमकी दी गई।

मोबाइल अनलॉक कराकर निजी डेटा किया ट्रांसफर

आयुष ने आरोप लगाया कि परिवार को नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका के चलते उसे अपना मोबाइल फोन अनलॉक करना पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने फोन में मौजूद निजी फोटो, वीडियो, संपर्क सूची और सोशल मीडिया से संबंधित जानकारी सहित व्यक्तिगत डेटा अपने पास ट्रांसफर कर लिया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद उसे अपनी बात के अनुसार वीडियो रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड करने के लिए मजबूर किया गया।

हेडसेट, धूप का चश्मा और चार्जर ले जाने का आरोप

शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी जाते समय उसका ब्लूटूथ हेडसेट, रे-बैन धूप का चश्मा, एक्सटर्नल हार्ड ड्राइव और आईफोन का मूल चार्जर भी अपने साथ ले गए। रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पहले से जेल में बंद हैं अनुराग और उसके तीन साथी

गौरतलब है कि मारपीट और अपहरण के प्रयास से जुड़े एक अन्य मामले में अनुराग डोभाल और उसके तीन साथी पहले से जेल में बंद हैं। उनकी जमानत याचिका भी अदालत खारिज कर चुकी है। अब एक और प्राथमिकी दर्ज होने से उनकी कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।

Share This Article
Leave a Comment