रामनगर। पी.एन.जी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा संचालित ‘गुरु दिवस व्याख्यानमाला’ (Series-5) के अंतर्गत 19वें व्याख्यान का आयोजन “Beyond the Classroom: Exploring Career Opportunities in Botany and Life Sciences” विषय पर ऑनलाइन माध्यम से किया गया। व्याख्यान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वनस्पति विज्ञान एवं जीवन विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार, उच्च शिक्षा, अनुसंधान तथा व्यावसायिक विकास की विविध संभावनाओं से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजन सचिव डॉ. महेंद्र पाल सिंह परमार के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने मुख्य वक्ता डॉ. संजय कुमार, वनस्पतिशास्त्री (Botanist), सेंट्रल नेशनल हर्बेरियम, भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (Botanical Survey of India), हावड़ा; महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कार्यक्रम के संरक्षक प्रो. एम.सी. पांडे; विभाग प्रभारी एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. नूतन श्रीवास्तव; सह-आयोजक डॉ. शलभ गुप्ता सहित समस्त प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं ऑनलाइन प्रतिभागियों का स्वागत किया।
अपने संबोधन में डॉ. परमार ने कहा कि वर्तमान समय में वनस्पति विज्ञान केवल पारंपरिक शिक्षण एवं अनुसंधान तक सीमित नहीं है, बल्कि जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण प्रबंधन, जैव प्रौद्योगिकी, औषधीय पादपों, कृषि, उद्यमिता तथा विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक संस्थानों में रोजगार और शोध के व्यापक अवसर उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्याख्यान विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष के ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक एवं व्यावसायिक दुनिया से जोड़ने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के संरक्षक एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम.सी. पांडे ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल अर्जित करने तथा अपने लक्ष्यों के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।
मुख्य वक्ता डॉ. संजय कुमार का परिचय प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि वे मूल रूप से उत्तरकाशी, उत्तराखंड के निवासी हैं तथा उन्होंने अपनी संपूर्ण शैक्षणिक शिक्षा उत्तरकाशी से प्राप्त की है। उन्होंने एम.एससी. वनस्पति विज्ञान में 75.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वर्ष 2011 में उन्हें भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) द्वारा प्रथम रजत जयंती विज्ञान संचायक फेलोशिप प्रदान की गई। इस फेलोशिप के अंतर्गत उनके अभिनव विचार Green Pathashala (Green School) को सराहना मिली तथा उसे कार्यान्वित भी किया गया। वर्ष 2012 में भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (BSI) में नियुक्ति के पश्चात वे वर्तमान में सेंट्रल नेशनल हर्बेरियम, हावड़ा में वनस्पतिशास्त्री के रूप में कार्यरत हैं। उनके कार्यक्षेत्र में वनस्पति सर्वेक्षण, पादपों का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण, अनुसंधान एवं प्रकाशन तथा जैव विविधता संरक्षण जैसे महत्त्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
अपने व्याख्यान में डॉ. संजय कुमार ने विद्यार्थियों को वनस्पति विज्ञान एवं जीवन विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों और अनुसंधान की संभावनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से CSIR, ICAR, IHBT, NBRI, CIMAP, CPRI, CAP तथा Botanical Survey of India (BSI) जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय वैज्ञानिक एवं अनुसंधान संस्थानों की कार्यप्रणाली, प्रमुख गतिविधियों तथा उनमें रोजगार प्राप्त करने की संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन संस्थानों में वैज्ञानिक, तकनीकी सहायक, शोधार्थी एवं अन्य विभिन्न पदों पर कार्य करने के लिए किस प्रकार की शैक्षणिक योग्यताओं, प्रतियोगी परीक्षाओं, शोध अनुभव एवं व्यावहारिक कौशल की आवश्यकता होती है।

डॉ. कुमार ने बी.एससी. एवं एम.एससी. के उपरांत उपलब्ध उच्च शिक्षा एवं रोजगार के विभिन्न विकल्पों, शोध परियोजनाओं, फेलोशिप तथा अनुसंधान संस्थानों में प्रवेश की प्रक्रियाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि विषयगत ज्ञान, वैज्ञानिक अभिरुचि, शोध कौशल एवं नवाचार की क्षमता विकसित करके वे न केवल देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में बल्कि अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों एवं अनुसंधान संस्थानों में भी उच्च शिक्षा और शोध के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को विशेष रूप से अपनी रुचि के अनुरूप करियर का लक्ष्य निर्धारित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की समयबद्ध तैयारी करने, वैज्ञानिक संस्थानों की प्रवेश एवं भर्ती प्रक्रियाओं की जानकारी रखने तथा शोध एवं नवाचार के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की सलाह दी। उनका व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा।
धन्यवाद प्रस्ताव एवं समापन
कार्यक्रम के अंत में विभाग प्रभारी एवं कार्यक्रम की संयोजक प्रो. नूतन श्रीवास्तव ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य वक्ता डॉ. संजय कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा साझा की गई व्यावहारिक, प्रेरणादायी एवं करियर-उन्मुख जानकारी विद्यार्थियों को भविष्य के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकल्पों के चयन में निश्चित रूप से दिशा प्रदान करेगी।
उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम.सी. पांडे के मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही करियर काउंसलिंग इकाई, सह-आयोजक डॉ. शलभ गुप्ता, आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों, प्राध्यापकों एवं प्रतिभागियों को कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस ऑनलाइन व्याख्यान में बी.एससी. एवं एम.एससी. के विद्यार्थियों सहित अनेक प्राध्यापकों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने व्याख्यान के माध्यम से वनस्पति विज्ञान एवं जीवन विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार, उच्च शिक्षा और अनुसंधान के विविध अवसरों के संबंध में महत्त्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। इस प्रकार कार्यक्रम विद्यार्थियों को उनके भविष्य के करियर के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने में सफल रहा।



