Ad image

चार गांवों में नशामुक्त विवाह की मिसाल, ‘शराब नहीं संस्कार’ अभियान को मिल रहा जनसमर्थन

Ramesh Kuriyal
4 Min Read

टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में सामाजिक बदलाव की दिशा में चल रहा ‘शराब नहीं संस्कार’ अभियान लगातार गांव-गांव तक पहुंच रहा है। इसी कड़ी में ग्राम खेमड़ा, कंडाखोली, सिलोगी और मंज्यूड़ में चार विवाह समारोह बिना शराब के संपन्न हुए। इन परिवारों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों, पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक मर्यादाओं के साथ विवाह आयोजित कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

ग्राम खेमड़ा में अनिल एवं मोनिका का विवाह नशामुक्त वातावरण में संपन्न हुआ। दूल्हे के पिता नारायण सिंह चन्देल, जो ग्राम समाज सुधार समिति के अध्यक्ष भी हैं, ने इस पहल में सहयोग किया। ग्राम प्रधान रजनी गुसाईं ने कहा कि विवाह जैसे मांगलिक अवसरों पर शराब के बजाय संस्कारों और पारिवारिक परंपराओं को महत्व दिया जाना चाहिए। ऐसी पहल से युवाओं को सकारात्मक प्रेरणा मिलती है।

ग्राम कंडाखोली में महेश एवं सुनीता ने नशामुक्त विवाह की परंपरा अपनाई। सुनीता के पिता भगवती प्रसाद बेलवाल एवं माता देवेश्वरी ने इस पहल में सहयोग करते हुए सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। परिवार ने विवाह समारोह को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया।

ग्राम सिलोगी में अंकिता, पिता अमल सिंह रावत एवं माता मंगसीरी देवी के परिवार ने नशामुक्त विवाह का संकल्प अपनाया। अंकिता के भाई गौतम ने भी इस पहल में सहभागिता की। परिवार का मानना है कि विवाह की खुशियां शराब के बिना भी पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाई जा सकती हैं।

वहीं ग्राम मंज्यूड़ में आशीष एवं वन्दना का विवाह बिना शराब के संपन्न हुआ। आशीष स्वर्गीय भूरी देवी एवं स्वर्गीय जगत सिंह नेगी के पुत्र हैं, जबकि वन्दना भारती देवी एवं जगमोहन सिंह की पुत्री हैं। ग्राम प्रधान रानी नेगी ने कहा कि नशामुक्त विवाह की पहल समाज को नई दिशा देने वाली है। प्रत्येक परिवार और जनप्रतिनिधि को इस मुहिम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

अभियान के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने कहा कि वर्ष 2014 में शुरू की गई ‘शराब नहीं संस्कार’ मुहिम का उद्देश्य विवाह समारोहों से शराब की परंपरा को समाप्त कर संस्कारों, सामाजिक सम्मान और पारिवारिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। आज इस अभियान से अनेक गांवों के लोग जुड़ रहे हैं। ग्राम प्रधानों, महिला मंगल दलों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से यह पहल निरंतर आगे बढ़ रही है।

बहुगुणा ने कहा कि नशामुक्त विवाह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सकारात्मक संदेश है। जब माता-पिता, दूल्हा-दुल्हन और समाज मिलकर संकल्प लेते हैं, तभी सामाजिक परिवर्तन संभव होता है। उन्होंने प्रदेश के सभी ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों से अपने गांवों में नशामुक्त विवाह की परंपरा को अपनाने की अपील की।

अभियान का संदेश है—

शादी का उत्सव हो, संस्कारों का मान हो।

नशे से दूरी हो, खुशियों की पहचान हो।

‘शराब नहीं संस्कार’ अभियान के माध्यम से गांवों में नशामुक्त परिवार और संस्कारवान समाज के निर्माण का संकल्प लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment