Ad image

राधे हरि महाविद्यालय में औषधीय पौधों पर कार्यशाला आयोजित, संरक्षण पर दिया गया जोर

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

काशीपुर। राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर के वनस्पति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में शनिवार (28 नवंबर 2026) को “उत्तराखंड के औषधीय पौधे—वनस्पतिक दृष्टिकोण” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विभागाध्यक्ष डॉ. राखी डिमरी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर के सहायक प्राध्यापक डॉ. एम. पी. एस. परमार ने उत्तराखंड की समृद्ध एवं विविध औषधीय वनस्पति संपदा पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागियों को औषधीय पौधों की वैज्ञानिक व वनस्पतिक पहचान, उनके उपयोग, महत्व और संरक्षण के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर पाए जाने वाले औषधीय पौधों की पहचान और उनके पारंपरिक उपयोगों से अवगत कराते हुए इस पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण व संवर्धन पर विशेष बल दिया।

डॉ. परमार ने तुलसी, नीम, गिलोय, अश्वगंधा, एलोवेरा और हल्दी सहित अनेक महत्वपूर्ण औषधीय पौधों के लाभों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि औषधीय वनस्पतियां प्राकृतिक संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान और जैव विविधता संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने इस बहुमूल्य प्राकृतिक धरोहर को बचाने के लिए विद्यार्थियों एवं समाज की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता को समय की मांग बताया।

आयोजकों के अनुसार, कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को प्रदेश की औषधीय वनस्पति संपदा से जोड़ना, पौधों के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उनके संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में विभाग के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और प्रकृति प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. विवेक कुमार कैड़िया, डॉ. जय लक्ष्मी रावत, डॉ. रेनू, डॉ. राजेंद्र परिहार, डॉ. आकाश मिश्रा, डॉ. रुचि कुलश्रेष्ठ एवं डॉ. सुष्टी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment