Ad image

परिसीमन में पहाड़ के हितों से समझौता नहीं करेगी कांग्रेस: शान्ति प्रसाद भट्ट

Ramesh Kuriyal
5 Min Read

नई टिहरी। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता शान्ति प्रसाद भट्ट ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित नए परिसीमन विधेयक पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस विधानसभा परिसीमन में पर्वतीय क्षेत्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि केवल विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाना परिसीमन का उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व, क्षेत्रीय संतुलन, भौगोलिक परिस्थितियों और पर्वतीय क्षेत्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करना भी बेहद जरूरी है। शान्ति भट्ट ने बताया कि प्रस्तावित विधेयक के अनुसार विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है, जिससे लागू होने पर प्रदेश की वर्तमान 70 सीटें बढ़कर 105 हो सकती हैं। इसमें वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में गांवों के बीच लंबी दूरी, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां, सीमित सड़क संपर्क और पलायन जैसी चुनौतियां मौजूद हैं, इसलिए केवल जनसंख्या को आधार बनाकर परिसीमन करना पहाड़ के साथ न्याय नहीं होगा।

टिहरी जनपद में सातवीं सीट के गठन की मांग शान्ति  भट्ट ने कहा कि वर्तमान में टिहरी गढ़वाल जिले में घनसाली, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, प्रतापनगर, टिहरी और धनोल्टी सहित छह विधानसभा क्षेत्र हैं। संभावित परिसीमन में जिले में एक नई सीट बनने की संभावना है, जिसका गठन नई टिहरी, चंबा, थौलधार, जौनपुर, प्रतापनगर, भिलंगना और कीर्तिनगर जैसे क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या, दूरी और प्रशासनिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।

संभावित जिला-वार सीटों का प्रारूप

प्रारंभिक तुलनात्मक प्रारूप के अनुसार संभावित सीटों का ब्योरा इस प्रकार बताया गया है:

| जनपद | वर्तमान सीटें | संभावित सीटें |

| उत्तरकाशी        3                    4

| चमोली             3                   5

| रुद्रप्रयाग            2                  3

| टिहरी गढ़वाल      6                 7

| पौड़ी गढ़वाल       6                 8

| पिथौरागढ़            4                6

| बागेश्वर                2                3

| अल्मोड़ा               6                7

| चम्पावत                2               3

| देहरादून               10             16

| हरिद्वार                 11             18

| नैनीताल                6               9

| ऊधमसिंह नगर        9               16

| कुल.               70.                 105

कांग्रेस की प्रमुख मांगें और महिला आरक्षण पर तंज

प्रदेश प्रवक्ता ने मांग की कि परिसीमन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी व निष्पक्ष हो, पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के बीच राजनीतिक संतुलन रखा जाए, एससी-एसटी सीटों का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए, सीटों व गांवों की सीमाओं का प्रारूप सार्वजनिक किया जाए तथा अंतिम निर्णय से पहले राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता को सुझाव व आपत्तियां दर्ज कराने का पर्याप्त अवसर मिले।

महिला आरक्षण बिल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि नारी वंदन विधेयक 2023 में कांग्रेस के समर्थन से पारित हुआ था, लेकिन इसे 2029 के बाद लागू करने की शर्त जोड़ दी गई, जबकि कांग्रेस इसे तुरंत लागू करने के पक्ष में है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन बिल लाकर भविष्य में संविधान को बदलने की दिशा में बढ़ रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने दोहराया कि उत्तराखंड राज्य का गठन पहाड़ की समस्याओं और विकास की आकांक्षाओं को लेकर हुआ था, इसलिए परिसीमन की आड़ में पर्वतीय क्षेत्रों, सीमांत जिलों और वंचित समुदायों की राजनीतिक आवाज कमजोर नहीं होनी चाहिए।

Share This Article
Leave a Comment