Ad image

योग केवल व्यायाम नहीं, जीवन जीने की संपूर्ण कला है : योगाचार्य कृष्ण अवतार

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाचार्य कृष्ण अवतार ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग एक ऐसी संजीवनी के रूप में उभरकर सामने आया है, जो व्यक्ति को तनाव, शारीरिक बीमारियों और मानसिक अशांति से मुक्ति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की संपूर्ण कला है, जो मनुष्य को सुख, शांति और समृद्धि की ओर अग्रसर करती है।

योगाचार्य कृष्ण अवतार ने कहा कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर योग आज पूरी दुनिया में स्वीकार किया जा रहा है। योग दर्शन के माध्यम से व्यक्ति को आध्यात्मिक उन्नति के साथ-साथ शास्त्रीय ज्ञान, चिकित्सा पद्धति, जीवन पद्धति और कर्म पद्धति का भी बोध होता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक विज्ञान और तकनीकी ज्ञान के साथ योग का समन्वय मानव जीवन को अधिक रचनात्मक, सकारात्मक और उद्देश्यपूर्ण बनाता है।

उन्होंने कहा कि मानव जीवन अमूल्य और सीमित है। ऐसे में यदि व्यक्ति योगमय जीवन अपनाए तो उसका जीवन साधना, संतुलन और आत्मविकास का माध्यम बन सकता है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन और आत्मा को भी सशक्त बनाता है।

योगाचार्य ने भारत के ऋषि-मुनियों, महर्षि पतंजलि, महर्षि कणाद और कपिल मुनि के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि इन महान विभूतियों ने मानव जीवन को अनुशासित, वैज्ञानिक और आध्यात्मिक दिशा प्रदान की। आज पूरा विश्व भारत की योग परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की ओर आशा भरी नजरों से देख रहा है।

उन्होंने कहा कि नियमित योग साधना से व्यक्ति के भीतर सेवा भाव, दान-पुण्य की भावना और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है। योग मन के विकारों को दूर कर समाज में सद्भाव, शांति और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।

योगाचार्य कृष्ण अवतार ने लोगों से आह्वान किया कि वे प्रतिदिन अपने समय का कम से कम आधा से एक घंटा योग, प्राणायाम और सूक्ष्म क्रियाओं के अभ्यास के लिए अवश्य निकालें। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी योग अपनाने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यदि प्रत्येक व्यक्ति योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल कर ले तो एक स्वस्थ, सुखी और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।

 

Share This Article
Leave a Comment