Ad image

मतदाता सूची जारी होने के 15 दिन में मिलेगा वोटर आईडी कार्ड

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए कई नई व्यवस्थाएं लागू की हैं। अब मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद मतदाताओं को पहचान पत्र के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सूची प्रकाशित होने के 15 दिनों के भीतर मतदाता पहचान पत्र (EPIC) उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके लिए विस्तृत एसओपी जारी की जा चुकी है।

खास बात यह है कि आवेदन करने के बाद मतदाता पहचान पत्र जारी होने की प्रक्रिया की जानकारी आवेदक को उसके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर समय-समय पर एसएमएस के माध्यम से मिलती रहेगी।

चुनाव सुधारों को लागू करने की तैयारी

प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसे देखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भारत निर्वाचन आयोग की ओर से किए गए सुधारों को प्रदेश में लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आयोग ने मतदाताओं की सुविधा, मतदाता सूची में पारदर्शिता, राजनीतिक दलों के साथ समन्वय, कर्मचारियों के कौशल विकास और चुनाव प्रक्रिया में नई तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया है।

ईवीएम पर दिखेगी प्रत्याशियों की रंगीन फोटो

आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाता ईवीएम पर वोट डालते समय प्रत्याशियों की सुस्पष्ट रंगीन फोटो भी देख सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव प्रक्रिया में किए गए 40 सुधारों में इसे भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य मतदाताओं को प्रत्याशियों की पहचान स्पष्ट रूप से कराने और उन्हें सोच-समझकर मतदान करने में मदद करना है।

मतदान केंद्रों पर मोबाइल जमा करने की सुविधा

मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों के नजदीक मोबाइल डिपॉजिट सुविधा उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया है। इससे मतदान के दौरान मोबाइल फोन साथ ले जाने की समस्या से मतदाताओं को राहत मिलेगी और वे अपने मोबाइल सुरक्षित स्थान पर जमा कर सकेंगे।

कर्मचारियों से लेकर मीडिया तक को दिया जा रहा प्रशिक्षण

निर्वाचन आयोग ने चुनाव से जुड़े कर्मचारियों के साथ-साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, पुलिसकर्मियों, मीडिया कर्मियों और अधिकारियों के लिए भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रदेश में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जा चुके हैं।

सात नए राजनीतिक दलों ने पंजीकरण के लिए किया आवेदन

विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल भी सक्रिय होने लगे हैं। प्रदेश में सात नए राजनीतिक दलों ने गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल की श्रेणी में पंजीकरण के लिए आवेदन किया है। हालांकि, निर्वाचन आयोग ने पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने से पहले इन दलों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।

Share This Article
Leave a Comment