Ad image

विद्यालयों में नशामुक्ति का संदेश पहुंचा रहे ग्राम प्रधान, देवी सिंह पंवार ने जताया आभार

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

लंबगांव/प्रतापनगर। पट्टी भदूरा, लंबगांव और प्रतापनगर क्षेत्र में नशामुक्ति अभियान को लेकर ग्राम प्रधानों की सक्रियता सराहनीय पहल के रूप में सामने आ रही है। राज्य आंदोलनकारी एवं नशामुक्त भारत अभियान के प्रमुख देवी सिंह पंवार की ओर से तैयार कराए गए नशामुक्ति संबंधी पोस्टर ग्राम प्रधानों को वितरित किए गए थे।

ग्राम पंचायत शोड़ के प्रधान नीलकंठ व्यास के नेतृत्व में क्षेत्र के कई ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने गांवों के विद्यालयों में पहुंचकर इन पोस्टरों को प्रमुख स्थानों पर चस्पा कराया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।

देवी सिंह पंवार ने सभी ग्राम प्रधानों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र में नशे का बढ़ता चलन चिंता का विषय है। इसे रोकने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे से दूर रखते हुए उन्हें संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने पर विशेष ध्यान देना होगा।

उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही भविष्य में उत्तराखंड का नेतृत्व करेंगे। इसलिए उन्हें बेहतर संस्कार, शिक्षा और सकारात्मक वातावरण देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

देवी सिंह पंवार ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था तक सीमित न रखकर गांव-गांव और विद्यालय-विद्यालय तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने अभियान में सहयोग कर रहे सभी ग्राम प्रधानों को साधुवाद देते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग जारी रखने का आग्रह किया।

Share This Article
Leave a Comment