टिहरी। नशामुक्त भारत अभियान के तहत गायत्री शक्तिपीठ टिहरी से सोमवार को जागरूकता रथ रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि के लिए रवाना हुआ। रथ के माध्यम से रास्ते में लोगों से जनसंपर्क कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही जगह-जगह नशामुक्ति से जुड़े पोस्टर लगाए जा रहे हैं।
अभियान से जुड़े कार्यकर्ता ने बताया कि गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों और शांतिकुंज हरिद्वार के गायत्री परिवार के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा के दौरान घनसाली, पवांली, चिरपठिया, फतेहडू और कुटमा सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों से संवाद किया गया। इसके बाद मयाली की ओर जाते हुए भी लोगों से नशामुक्त समाज को लेकर चर्चा की गई।
अभियान के दौरान बच्चों से भी मुलाकात कर उन्हें ‘हारिए न हिम्मत’ पुस्तक भेंट की जा रही है। लोगों को शांतिकुंज हरिद्वार, गायत्री परिवार और आचार्य श्रीराम शर्मा के युग निर्माण के विचारों की जानकारी दी जा रही है।
घनसाली में वरिष्ठ पत्रकार संतोष कुमार नौटियाल को युग निर्माण से संबंधित पुस्तक भेंट की गई। साथ ही उनसे शराब के खिलाफ लोगों को जागरूक करने की अपील की गई। अभियान से जुड़े कार्यकर्ता ने बताया कि क्षेत्र में गायत्री परिवार के इस तरह के जनसंपर्क अभियान को लेकर लोगों में उत्सुकता दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता और सकारात्मक विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।



