Ad image

उत्तराखंड में धार्मिक और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं

Sarthak Prayash Admin
3 Min Read

नई टिहरी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद एवं प्रसिद्ध शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में धार्मिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन को योजनाबद्ध तरीके से विकसित कर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं।

भारत सरकार की परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति के दो दिवसीय अध्ययन भ्रमण के तहत टिहरी पहुंचे इमरान प्रतापगढ़ी का प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने ताज होटल में स्वागत किया। प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश राणा, पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुशर्रफ अली और प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश मियां ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया।

इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि उत्तराखंड को प्रकृति ने पिरान कलियर से गंगोत्री और धारचूला से यमुनोत्री तक अद्भुत प्राकृतिक एवं धार्मिक विरासत दी है। यहां की शांत वादियां, पवित्र नदियां और हिमालय की पर्वत श्रृंखलाएं लोगों को आकर्षित करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं को रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए ठोस प्रयास किए जाने की जरूरत है।

टिहरी झील को पर्यटन मानचित्र पर लाने की मांग

प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश राणा और प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश मियां ने सांसद को टिहरी जिले की विभिन्न समस्याओं और विकास की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने टिहरी बांध की विशाल झील को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने की मांग की। साथ ही झील में जल क्रीड़ा और साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय युवाओं को पर्यटन के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा।

मेडिकल कॉलेज का मुद्दा संसद में उठाने का आग्रह

पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुशर्रफ अली ने नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर लंबे समय से चल रहे आंदोलन की जानकारी राज्यसभा सांसद को दी। उन्होंने जनहित से जुड़े इस मुद्दे को संसद में उठाने का आग्रह किया।

इस पर इमरान प्रतापगढ़ी ने संबंधित दस्तावेज और पत्रावली उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दस्तावेज मिलने के बाद इस विषय को सदन में उठाने का प्रयास किया जाएगा।

पहाड़ी अरसे और रोटाने से किया स्वागत

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस की ओर से इमरान प्रतापगढ़ी को अग्राखाल के प्रसिद्ध पहाड़ी अरसे और रोटाने भेंट किए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह भेंट टिहरी की लोक संस्कृति, परंपरा और पहाड़ी आतिथ्य का प्रतीक है।

टिहरी प्रवास के दौरान इमरान प्रतापगढ़ी ने अपने पिता के साथ भी समय बिताया और खूबसूरत मौसम के बीच बचपन की यादें ताजा कीं।

इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री सैयद मुशर्रफ अली, प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश राणा और प्रदेश सचिव एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष ऋषिकेश एडवोकेट राकेश मियां मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment