धराली के बाद अब थराली में भी दवाई

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

उत्तराखंड में बारिश लगातार कहर बरपा रही है। उत्तरकाशी की थराली आपदा से प्रदेश पूरी तरह उभर भी नहीं पाया था कि चमोली जिले में बादल फटने की घटना ने हालात और गंभीर बना दिए। शुक्रवार देर रात थराली तहसील के चेपड़ों कस्बे में बादल फटने से बरसाती गदेरे उफान पर आ गए। देखते ही देखते पूरा बाजार मलबे में दब गया और कई मकान भी तहस-नहस हो गए। हादसे में दो लोगों के लापता होने की सूचना है।

राड़ीबगड़ में गदेरा अचानक उफान पर आ गया, जिससे एसडीएम आवास समेत कई घर मलबे में दब गए। हालात बिगड़ते देख एसडीएम सहित अधिकारी रात में ही अपने आवास खाली कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए। मलबे की चपेट में कई गाड़ियां भी दब गईं। हादसे के बाद क्षेत्र का दृश्य बेहद भयावह और दर्दनाक हो गया है। स्थानीय लोगों की रोज़गार के साधन और जीवनभर की पूंजी नष्ट हो गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी संदीप तिवारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस बल की टीमें लगातार राहत कार्यों में जुटी हैं।

इस बीच, हरमनी के पास बंद मार्ग को सुचारु कर दिया गया है। वहीं, भारी बारिश को देखते हुए थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंड के सभी विद्यालयों में शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करें।

Share This Article
Leave a Comment