लच्छीवाला टोल प्लाजा पर दबंगई: लग्जरी कार सवारों ने कर्मचारियों को पीटा, तोड़फोड़ कर मचाया हंगामा

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून, लच्छीवाला टोल प्लाजा पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो लग्जरी वाहनों में सवार 10–12 लोगों ने टोल कर्मचारियों के साथ गालीगलौज, मारपीट और तोड़फोड़ की। घटना के बाद टोल प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक मनीष नेगी ने कोतवाली में दर्ज शिकायत में बताया कि दोपहर के समय दो लग्जरी वाहनों में सवार लोग टोल प्लाजा की लाइन नंबर-2 पर पहुंचे और वहां तैनात महिला कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे।

सूचना मिलने पर प्रबंधक प्रभाकर सिंह के साथ मौके पर पहुंचे मनीष नेगी ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। जब प्रभाकर सिंह ने घटना का वीडियो बनाना चाहा, तो आरोपी और आक्रामक हो गए और उनके साथ हाथापाई की।

बेल्ट से हमला, मोबाइल छीने
शिकायत के अनुसार, टोल शुल्क कटने के बावजूद जब वाहनों को आगे बढ़ाने के लिए कहा गया, तो आरोपियों ने अपने वाहन टोल पर ही खड़े कर दिए और 15–20 लोगों का समूह बनाकर कर्मचारियों पर बेल्ट आदि से हमला कर दिया। इस दौरान कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीन लिए गए और घटना के वीडियो जबरन डिलीट कर दिए गए।

एक नामजद, अन्य की तलाश जारी
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर कुनाल सहगल के खिलाफ नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

घटना के बाद टोल प्लाजा पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

Share This Article
Leave a Comment