मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी की तलाश में ब्लू कॉर्नर नोटिस पर अटकी प्रक्रिया, CBI ने उठाए सवाल

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में हुए एंजेल चकमा हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया फिलहाल अटक गई है। आरोपी की नेपाल में तलाश के लिए शुरू की गई ब्लू कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने तीन अहम आपत्तियां दर्ज की हैं।

सीबीआई ने पुलिस से आरोपी की व्यक्तिगत आपराधिक भूमिका का करीब 1600 शब्दों में विस्तृत विवरण मांगा है। इसके अलावा घटना के समय, एफआईआर पंजीकरण और आरोपी की मंशा से जुड़ी जानकारी भी तलब की गई है। पुलिस अब इन सवालों के जवाब तैयार करने में जुटी है।

घटना 9 दिसंबर 2025 की है, जब सेलाकुई क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान एंजेल चकमा और उनके भाई माइकल चकमा पर छह लोगों ने हमला कर दिया था। हमले में एंजेल को गंभीर चोटें आई थीं, विशेष रूप से गर्दन के पास। उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 26 दिसंबर को उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं को हत्या में बदल दिया।

पुलिस ने मामले में दो नाबालिगों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। हालांकि मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी घटना के बाद से फरार है और नेपाल भागने में सफल रहा।

फिलहाल पुलिस ब्लू कॉर्नर नोटिस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। वहीं, रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी साथ-साथ चल रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सीबीआई की आपत्तियों का जल्द जवाब भारतपोल पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तेज हो सकेगी।

करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न हो पाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment