धर्मावाला चौक पर शराब के नशे में युवकों का उत्पात, युवक की पिटाई, कार से मारी टक्कर; चार गिरफ्तार

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून: पछवादून क्षेत्र के धर्मावाला चौक पर रविवार देर रात नशे में धुत युवकों का उत्पात सामने आया। आरोप है कि युवकों ने सरेराह एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान कार से टक्कर मारकर एक वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, वहीं एक अन्य युवक भी चपेट में आ गया। गनीमत रही कि वह कार के नीचे आने से बच गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इकराम (धर्मावाला), विशाल गोयल (शाहपुर), शाहरुख और अरशद (प्रतीतपुर) को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया गया है।

वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवक को सड़क पर गिराकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे सीढ़ियों से टकराती है और फिर खड़ी कार को नुकसान पहुंचाती है। कार को पीछे करते समय एक युवक को टक्कर लगती है, हालांकि वह समय रहते हट जाता है।

कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट के अनुसार, शाहपुर कल्याणपुर निवासी रविंद्र सिंह की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी उसके परिचित हैं और सभी शराब के नशे में थे। बिना किसी कारण के विवाद शुरू हुआ, जो गाली-गलौज के बाद मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment