उत्तराखंडसामाजिक

एसडीआरएफ मुख्यालय जौलीग्रांट में फेज-दो के कार्यों को मंजूरी

देहरादून। एसडीआरएफ मुख्यालय जौलीग्रांट में प्रशिक्षण सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए फेज-दो के तहत करीब 27.25 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न आउटडोर ट्रेनिंग कंपोनेंट्स विकसित किए जाएंगे। इन कार्यों के लिए शासन से वित्तीय मंजूरी मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।

एसडीआरएफ मुख्यालय रेस्क्यू और प्रशिक्षण दोनों दृष्टि से प्रदेश का एक महत्वपूर्ण संस्थान है। यहां जवानों और अधिकारियों को आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रशिक्षण देकर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया जाता है। इसके अलावा अन्य स्थानों से आने वाले जवानों और आपदा मित्रों को भी यहां प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे आपदा के समय प्रभावी रेस्क्यू कार्यों में मदद मिलती है।

फेज-दो के तहत एसडीआरएफ परिसर में करीब आठ हेक्टेयर भूमि पर आउटडोर प्रशिक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य किए जाएंगे। इन सुविधाओं के विकसित होने के बाद एसडीआरएफ के जवानों और यहां प्रशिक्षण लेने आने वाले प्रशिक्षुओं को अत्याधुनिक और कठिन परिस्थितियों में काम करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा सकेगा।

गौरतलब है कि फेज-वन के तहत एसडीआरएफ मुख्यालय का निर्माण कार्य पूरा कर 9 जनवरी 2023 को एसडीआरएफ को सौंप दिया गया था। इस चरण में एडमिन ब्लॉक, ट्रेनिंग ब्लॉक, बहुउद्देशीय हॉल, गेस्ट हाउस, बैरक, स्टोर, मार्ग, ट्रेड कॉम्प्लेक्स, 105 परिवारों के लिए आवास, एमटी गैरेज और कार्यालय सहित कई भवनों का निर्माण किया गया था।

फेज-दो में किए जाएंगे ये प्रमुख कार्य
फेज-दो में स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू, हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू ट्रेनिंग कंपोनेंट, रोपवे रेस्क्यू, रेस्क्यू डॉग के लिए आब्सटेकल कोर्स, एसडीआरएफ पर्सनल के लिए आब्सटेकल ट्रेनिंग, डीप डाइविंग पूल, सरफेस वाटर सर्च एंड रेस्क्यू पूल, आउटडोर डेमोंस्ट्रेशन एरिया, साइट डेवलपमेंट कार्य, आउटडोर ट्रेनिंग उपकरणों की खरीद और पर्यावरण मॉनिटरिंग से जुड़े कार्य शामिल हैं।

यह सभी निर्माण कार्य यू-प्रिपेयर योजना के अंतर्गत किए जाएंगे। करीब आठ से नौ हेक्टेयर भूमि पर विकसित होने वाली इन आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं से एसडीआरएफ जवानों और प्रशिक्षुओं को और अधिक प्रभावी तथा कड़ा प्रशिक्षण मिल सकेगा, जिससे आपदा के समय रेस्क्यू कार्यों की क्षमता और दक्षता बढ़ेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button