नई टिहरी, 18 अगस्त। एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), नई टिहरी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जन जागृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय प्रबंधक एसबीआई विकास भारती, प्रदेश मंत्री एवं उद्यमी सहकार भारती अवंतिका भंडारी, जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत, एसबीआई क्षेत्रीय कार्यालय नई टिहरी के मुख्य प्रबंधक प्रदीप कुमार और आरसेटी निदेशक दीपक कोटियाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि विकास भारती ने युवाओं और महिलाओं को आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक की ओर से उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं अवंतिका भंडारी ने महिलाओं की क्षमताओं को पहचानकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सम्मेलन में एमएआरईएलएम समूहों से जुड़े करीब 60 प्रशिक्षणार्थियों और सफल उद्यमियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान आरसेटी की ओर से सफल उद्यमियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया, जबकि प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में ग्रामीण वित्त समन्वयक चंद्रप्रकाश डंगवाल, बीएमएम चंद्रमणि उनियाल, बीएमएम पुष्पेंद्र सिंह, एनआरएलएम से आईबीओआरटी सुशीला देवी समेत आरसेटी के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



