उत्तराखंड में बारिश का कहर: कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट, नदियों का जलस्तर बढ़ा

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। उत्तराखंड में राजधानी देहरादून समेत कई इलाकों में देर रात से बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग व नैनीताल जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 20 अगस्त तक प्रदेशभर में तेज बारिश का दौर बना रहेगा।

बाढ़ का अलर्ट
लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। श्रीनगर में अलकनंदा नदी खतरे के निशान की ओर बढ़ रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटों में बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी में बाढ़ का खतरा जताते हुए अलर्ट जारी किया है। जिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

गंगोत्री हाईवे बंद
भारी बारिश और भूस्खलन के चलते गंगोत्री हाईवे भटवाड़ी से गंगनानी के बीच कई जगहों पर बंद है। नालूपानी, रतूडी सेरा और नेताला के पास मलबा आने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है।

बड़कोट में गाड़ गदेरों का उफान
यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। बड़कोट में तीनों गाड़ गदेरे उफान पर हैं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं। हाईवे और ग्रामीण संपर्क मार्ग जगह-जगह मलबा, पत्थर और भू-धंसाव के कारण बंद हो गए हैं। आधे-अधूरे डंपिंग ग्राउंड का मलबा भी यमुना नदी तट तक पहुंच रहा है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।

Share This Article
Leave a Comment