छुट्टियों में ऋषिकेश में उमड़ा सैलाब

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

ईद और रविवार की छुट्टियां पड़ते ही ऋषिकेश पर्यटकों से पूरी तरह पैक हो गया। दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य राज्यों से भारी संख्या में पहुंचे वाहनों के कारण शहर की रफ्तार थम गई। भद्रकाली से तपोवन तक सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सुबह से ही जाम जैसे हालात

शनिवार सुबह आठ बजे से रायवाला, नेपालीफार्म, इंद्रमणि बडोनी चौक, भद्रकाली, ब्रह्मानंद मोड़ और तपोवन तिराहा पर जाम जैसे हालात बने रहे। नेपालीफार्म क्षेत्र में हाईवे पर लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिलीं।

यातायात पुलिस ने श्यामपुर चौकी से वाहनों को बाईपास मार्ग की ओर डायवर्ट किया, लेकिन वहां भी एआरटीओ कार्यालय से इंद्रमणि बडोनी चौक तक लंबा जाम लग गया। पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक सुचारू कराने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

सीएनजी पंप और ब्रह्मानंद मोड़ पर बढ़ी दिक्कत

ढालवाला में सीएनजी भरवाने के लिए वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जो इंद्रमणि बडोनी चौक तक पहुंच गईं। वहीं, ब्रह्मानंद मोड़ से भद्रकाली चौकी तक वाहन फंसे रहे और तपोवन तिराहे पर भी गाड़ियां रेंग-रेंग कर आगे बढ़ती रहीं।


राफ्टिंग वाहनों ने बढ़ाई परेशानी

तपोवन क्षेत्र में आमखाला और निम बीच से राफ्टिंग वाहनों के हाईवे पर आने के दौरान कई बार पूरा ट्रैफिक रुक गया। इससे तपोवन बाजार और तिराहे पर जाम की स्थिति बन गई। सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक लोग जाम में फंसे रहे। इस दौरान राफ्टिंग और निजी वाहन चालकों के बीच कहासुनी और झड़प की घटनाएं भी सामने आईं।


जाम में फंसे वाहनों की क्लच प्लेट जली

तपोवन क्षेत्र में लंबे समय तक जाम में फंसे रहने के कारण छह वाहनों की क्लच प्लेट फुंक गई। सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस ने क्रेन की मदद से खराब वाहनों को हटाकर ट्रैफिक बहाल किया। कई वाहन चालकों को तेल खत्म होने के कारण भी परेशानी झेलनी पड़ी।


शिवपुरी बाजार में भी दिनभर जाम

बदरीनाथ हाईवे पर शिवपुरी बाजार के पास राफ्टिंग वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण दिनभर जाम जैसे हालात बने रहे। हाईवे पर ही पर्यटकों को उतारने से यातायात और बाधित होता रहा।


क्या बोले अधिकारी

यातायात निरीक्षक मुनि की रेती संजय रौथाण ने बताया कि स्कूलों की छुट्टियां होने के कारण बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ ऋषिकेश पहुंचे हैं। सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक वाहनों का दबाव सबसे अधिक रहा, जिससे हाईवे और बाईपास मार्ग पर ट्रैफिक रेंगता रहा।

Share This Article
Leave a Comment