
देहरादून। प्रदेश में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से सरकार रिक्त पदों को भरने पर जोर दे रही है। इसके बावजूद कई विभागों में स्वीकृत पद खाली पड़े हैं। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए मुख्य सचिव ने प्रस्तावित सचिव समिति की बैठक का मुख्य एजेंडा विभागों में रिक्त पदों की समीक्षा को बनाया है।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के निर्देशों के क्रम में सचिव सामान्य प्रशासन राजेंद्र कुमार ने सभी प्रमुख सचिव, विशेष प्रमुख सचिव, सचिव और विशेष सचिव स्तर के अधिकारियों को पत्र जारी किया है।
पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सभी विभाग सीधी भर्ती के स्वीकृत पदों, वर्तमान में कार्यरत कार्मिकों तथा रिक्त पदों की विस्तृत सूचना उपलब्ध कराएं। साथ ही यह भी बताया जाए कि खाली पदों को भरने के लिए अब तक क्या कार्रवाई की गई है और वर्तमान स्थिति क्या है।
इसके अतिरिक्त विभागाध्यक्ष, कार्यालयाध्यक्ष और अपर विभागाध्यक्ष के पदों की स्थिति भी स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। सचिव समिति की बैठक सामान्यतः सोमवार को आयोजित की जाती है। हालांकि अगले सोमवार से विधानसभा सत्र प्रस्तावित है, ऐसे में माना जा रहा है कि सचिव समिति की बैठक अब 16 मार्च को आयोजित की जा सकती है।
सरकार की मंशा है कि रिक्त पदों को शीघ्र भरकर प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाई जाए और युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।





