Ad image

मोहकमपुर फ्लाईओवर के आधार स्तंभ पर उगा पेड़ हटाया, टला क्षति का खतरा

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। मोहकमपुर फ्लाईओवर के आधार स्तंभ पर उगे अवांछित पेड़ को लोक निर्माण विभाग ने हटवा दिया। पेड़ की जड़ों से आधार स्तंभ और सुरक्षा दीवार को नुकसान पहुंचने की आशंका थी। संयुक्त नागरिक संगठन की पहल के बाद शिकायत के दो दिन के भीतर समस्या का समाधान कर दिया गया।

संयुक्त नागरिक संगठन के सचिव नरेश चंद्र कुलाश्री ने 26 अगस्त को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को पत्र भेजकर फ्लाईओवर के आधार स्तंभ पर उगे पेड़ को हटाने की मांग की थी। उन्होंने बताया कि पेड़ की जड़ों के कारण स्तंभ पर दरारें दिखाई दे रही थीं, जिससे फ्लाईओवर और उसकी सुरक्षा दीवार को नुकसान पहुंचने का खतरा था।

मामले में संगठन के महासचिव सुशील कुमार त्यागी ने एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर का कार्य एनएचएआई को हस्तांतरित हो चुका है। हालांकि, नई अनुरक्षण एजेंसी की नियुक्ति होने तक इसकी देखरेख लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण एवं अनुरक्षण अस्थायी खंड, डोईवाला द्वारा की जा रही है।

इसके बाद अधिशासी अभियंता ने जल्द समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। 27 अगस्त की दोपहर मजदूरों की मदद से फ्लाईओवर के आधार स्तंभ पर उगे पेड़ को हटा दिया गया। संगठन के सदस्यों ने समस्या के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों और संगठन पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।

Share This Article
Leave a Comment