
उत्तरकाशी। ग्राम पंचायत गाढ़सिनवाल गांव और ग्राम पंचायत कुटवाल गांव की संयुक्त बैठक सोमवार, 16 मार्च 2026 को आयोजित की गई। बैठक का आयोजन ‘नशा मुक्त जनमोर्चा देवभूमि उत्तराखंड’ के बैनर तले किया गया, जिसकी अध्यक्षता ग्राम प्रधान सीता देवी और प्रधान जसवीर सजवाण ने की।
बैठक राज्य आंदोलनकारी देवी सिंह पवार और जिला पंचायत प्रतिनिधि सदस्य हरिष डिमरी की देखरेख में संपन्न हुई। इसमें दोनों ग्रामसभाओं से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस दौरान 74 लोगों ने भगवान नरसिंह देवता के समक्ष शपथ लेते हुए संकल्प लिया कि अब किसी भी मांगलिक कार्यक्रम में शराब नहीं परोसी जाएगी। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति शराब की आपूर्ति नहीं करेगा।
ग्रामसभाओं ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि यदि कोई व्यक्ति इस निर्णय का उल्लंघन करता है तो उस पर ₹21,000 का जुर्माना लगाया जाएगा और सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी मांगलिक कार्यक्रमों की व्यवस्था महिला मंगल दल द्वारा संभाली जाएगी, जिससे आयोजकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
इस मौके पर नशा मुक्ति कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। ग्राम पंचायत कुटवाल गांव से विमला देवी को अध्यक्ष, सीता देवी को सचिव और बबली देवी को कोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं ग्राम पंचायत गाढ़सिनवाल गांव से सोना देवी को अध्यक्ष, बीना देवी को सचिव और उषा देवी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। अन्य उपस्थित लोगों को सदस्य बनाया गया।
बैठक में शिवराम, अबल सिंह रावत (पूर्व प्रधान, हेरवाल गांव), राजेंद्र सिंह, विवेक सिंह, विजयपाल, हरिप्रसाद डिमरी, कमला देवी, बिज्मा देवी, डबल सिंह, आनंदी देवी, गंगा देवी, निर्मला देवी, माया देवी, कृष्णा देवी, रेखा देवी, सोना देवी, जैसी देवी, उर्मिला देवी, पूजा देवी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा लंब गांव थाने से तोमर और बड़ौला भी बैठक में मौजूद रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में तन, मन और धन से नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।



