उत्तराखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण तेज, 87% मतदाताओं की मैपिंग पूरी

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्री-एसआईआर के तहत प्रदेश में अब तक लगभग 87 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी कर ली गई है।

सोमवार को बीजापुर गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने यह जानकारी दी। बैठक में राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाराज भी मौजूद रहे, जिन्होंने हाल ही में राजस्थान में संपन्न विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया और अपने अनुभव साझा किए।

नवीन महाराज ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से एसआईआर के सफल संचालन के लिए अपनाई गई कार्यप्रणाली, तकनीकी व्यवस्थाओं और मैदानी स्तर पर किए गए समन्वय की विस्तृत जानकारी दी।

डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश बूथों पर मतदाताओं की मैपिंग तेजी से पूरी हो रही है। जिन बूथों पर कार्य धीमी गति से चल रहा है, वहां संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत मैपिंग होने से विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जा सकेगी। निर्वाचन विभाग का लक्ष्य है कि प्रत्येक मतदाता का विवरण सही और अद्यतन रूप में उपलब्ध हो, ताकि भविष्य के चुनावों में मतदाता सूची पूरी तरह सटीक और त्रुटिरहित रह सके।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्रा, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान एमएम तिवारी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी एनके मीणा तथा देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित सभी जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment