रामनगर। पी.एन.जी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा प्राचार्य प्रोफ़ेसर एम् सी पाण्डेय द्वारा अपने शुभ कामना सन्देश में कहा कि विद्यार्थियों में प्रस्तुतीकरण करने से उनमें आत्मविश्वास, संचार कौशल, वक्तृत्व कला एवं विषयगत ज्ञान का विकास होता है। इससे मंच भय एवं झिझक कम होती है तथा स्वाध्याय, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और डिजिटल कौशल को बढ़ावा मिलता है। यह गतिविधि विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में सहायक है। मंच पर बोलने की झिझक दूर करने, आत्मविश्वास विकसित करने तथा विषयगत ज्ञान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से एक विषयगत सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में विभाग के छात्र-छात्राओं ने वनस्पति विज्ञान से संबंधित समसामयिक एवं महत्वपूर्ण विषयों पर अपने शोधपरक प्रस्तुतिकरण दिए।
सेमिनार में एम.एससी. की छात्रा कुमारी तैयबा ने ‘पादपों का जैव विकास’ विषय पर विस्तृत व्याख्यान देते हुए बताया कि किस प्रकार एककोशिकीय पादपों से बहुकोशिकीय पादपों का विकास हुआ। उन्होंने पादप जगत के विकास की विभिन्न अवस्थाओं, शैवाल, ब्रायोफाइट्स, टेरिडोफाइट्स, जिम्नोस्पर्म्स एवं एंजियोस्पर्म्स के विकास क्रम को विस्तार से समझाया।
छात्रा बबीता कपकोटी ने ‘संवहनी पादपों का विकास’ विषय पर प्रस्तुति देते हुए बताया कि किस प्रकार सरल पादपों से जटिल संवहनी पादपों का विकास हुआ तथा इस विकास ने आधुनिक पादप जगत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाईl

एम.एससी. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा ज़ीनत काज़मी ने आधुनिक जैव विकास की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए सूक्ष्म एवं वृहत जैव विकास (Microevolution and Macroevolution) की प्रक्रियाओं को समझाया। उन्होंने बताया कि इन प्रक्रियाओं के माध्यम से आनुवंशिक परिवर्तन एवं नई प्रजातियों की उत्पत्ति का मार्ग प्रशस्त होता है हैं तथा क्ष्म जैव विकास में एक ही प्रजाति की आबादी में पीढ़ी-दर-पीढ़ी छोटे आनुवंशिक परिवर्तन होते हैं, जैसे बैक्टीरिया में एंटीबायोटिक प्रतिरोध। वृहत जैव विकास में लंबे भूवैज्ञानिक समय में नई प्रजातियों एवं बड़े जीव समूहों का विकास होता है, जैसे घोड़े एवं व्हेल का विकास |
इसी क्रम में छात्र मनदीप कोहली ने ‘उत्परिवर्तन एवं जैव विकास’ विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उन्होंने जीन उत्परिवर्तन, आनुवंशिक विविधता तथा जैव विकास में उत्परिवर्तनों की भूमिका को विस्तार से समझाया। साथ ही बताया कि उत्परिवर्तन पौधों के विकास, आनुवंशिक विविधता तथा फसल सुधार के क्षेत्र में आज भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
विभाग के डॉ. शलभ गुप्ता ने विद्यार्थियों को अकादमिक प्रस्तुतिकरण के महत्व एवं इसके विभिन्न लाभों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को विषय की गहन समझ विकसित करने के साथ-साथ भविष्य में शोध एवं उच्च शिक्षा के लिए भी तैयार करते हैं।
अंत में डॉ. महेंद्र पाल सिंह परमार ने प्रभावी अकादमिक प्रस्तुतिकरण के आवश्यक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए समयबद्धता, विषयवस्तु की स्पष्टता, प्रामाणिक संदर्भों का उपयोग, तथ्य एवं आंकड़ों की शुद्धता तथा आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने के महत्व को समझाया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया।



